.com
आधुनि‍क रचनाशीलता पर केन्‍दि‍त वि‍शि‍ष्‍ट संचयन
इस अंक में अंक/17 सम्‍पादकीय

समाज
यादों से रची यात्रा : पी.सी. जोशी

शताब्दी
दिनकर
की काव्य चेतना : पुनर्मूल्यांकन खगेन्द्र ठाकुर

उर्वशी : पुरुष अध्यात्म का रूमान प्रियम अंकित

लेख
माधवराव सप्रे का महत्व मैनेजर पांडेय

मध्यवर्ग की अवधारणा और हिन्दी साहित्य राहुल सिंह

कहानियां
तमाशे
में डूबा हुआ देश असगर वजाहत

जिद्दी रेडियो पंकज मित्र

फूलपुर की फुलवरिया मिसराइन प्रत्यक्षा

स्वीट होम उमा शंकर चौधरी

विशेष
सागू
मुंडा की कहानी : उसी की जुबानी
  वीर भारत तलवार

कविताएं
पांच
कविताएं कुंवर नारायण

सात कविताएं विष्णु खरे

दो कविताएं प्रियदर्शन

तीन कविताएं निशांत

दो कविताएं सलिल चतुर्वेदी

वृत्तांत
कितने
शहरों में कितनी बार ममता कालिया

संस्मरण
चेरोखरवारों
का गांव विजयमोहन सिंह

आत्मकथा
मुर्दहिया
: डॉ. तुलसी राम

लम्बी कहानी
साहिब
है रंगरेज गीत चतुर्वेदी



अंक/17 जनवरी/08
   
सम्‍पादक : अखि‍लेश

सम्पर्क
18/201, इन्दिरा नगर,
लखनऊ - 226016 उत्तर प्रदेश
दूरभाष : 0522-2345301
ई-मेल info@tadbhav.com

मूल्य

एक प्रति 50 रुपये
सदस्यता (बार्षिक ) चार अंक : 190 रुपये
संस्थाओं के लिए 250 रूपये
विदेश के लिए चालीस डालर
आजीवन सदस्यता 1500 रूपये
As Seen On TV
Free Web Page Counters

अंक/17 जनवरी/08

  फूलपुर की फुलवरिया मिसराइन
प्रत्यक्षा

इधर चर्चा में आये कहानीकारों में प्रत्यक्षा ने अपनी खास जगह बनायी है। हिन्दी की विभिन्न प्रसिद्ध पत्रिकाओं में उनकी कहानियां छप चुकी हैं। तद्भव में पहली बार प्रकाशित उनकी यह कहानी।

वे अड़स कर बैठ गयी थीं। साड़ी जांघ और पिंडलियों के बीच दबा कर। पैर उनके खूब गोरे थे। चौड़े पंजे, उंगलियां छोटी छोटी, नाखून खूब धंसा कर काटे हुए। आलते का चौड़ा पाड़। पंजों पर अंगूठे से चप्पल के फीते की नकल करता हुआ चौड़ा लाल रंग। फिर बीच में तीनपत्ती वाला फूल, फिर दो सीधी धारी और अंत में तीन बुदकियां बीचोंबीच से, आलते के कार्य समापन की घोषणा करती हुईं। उनके मजलिस में आने के पहले औरतें भन भन करती रहीं
एतना सोला सिंगार आखिर किसके वास्ते? आदमी कब्बे छोड़ गये।
हुम्म्म की गुनगुनाहट बैठी औरतों के मुंह से एक छोर से दूसरे, सर्पीली रेखा बना विलीन हो गयी।
कोनो दूसर औरत रही त....बड़ कठकरेजिन है मिसराइन। हंसी में कोनो कमी ना
तमाम आंखें विस्फरित हो फैल गयीं। आंचल सर से खींच दांतों में दबा, दबी घुटी हंसी की क्षीण लहर। आगे कोई रहस्योदघाटन हो ऐसा संयोग बैठने के पहले ही उनका आगमन हो गया। फिर हवा का रुख तेजी से बदला।
एन ननकू, ए छौड़ा, ला डोलची दे। अब जा ओने छांव में।
ननकू डोलची थमा छांव में गोली खेलते खेलते ढुलक गया। डोलची से आज क्रोशिया निकला। सफेद, महीन तागे से बुना लेस, पता नहीं कितना मीटर बुन चुकीं। औरतों ने बंधे हुए गड्डे को हाथों से तौल अंदाजा किया। अबकी सराहना की गुनगुन फैल गयी। जाड़े में रंगबिरंगे ऊन सलाई, गर्मियों में कढ़ाई, यूपिन, क्रूस, सब चलता था। पता नहीं हर सर्दी कितने स्वेटर बुन डालतीं, जबकि पहनने वाला घर में कोई नजर न आता। कितने मीटर तो लेस बुन चुकीं, दरजनों के हिसाब से हर मौसम में तकिये का खोल, चादर पर कढ़ाई, मैटी पर क्रॉसस्टिच से मेजपोश, महीन वायल साड़ियों पर साटन स्टिच और लेजी डेजी से छोटे छोटे नन्हें फूल, लहरदार बेलबूटे, बच्चों के झबलों पर हंसते मुस्काते बत्तख और चूजे।
जितनी तेजी से उंगलियां क्रूस पर चलती थीं, उतनी ही तेजी से जबान भी। औरतें साड़ी छू छू देखतीं, चोली कट फूली बांही के ब्लाउज पर आहें भरी जातीं। कस्बे के पार शहर पर का दर्जी ऐसा ब्लाउज सिलता था। सादा ब्लाउज से बीस रुपया ज्यादा। फुलवरिया मिसराइन गर्व से बोलतीं। पानदान निकाल सुपारी की छल्ली कटती। चूना, कत्था और मसालेदार जरदा। हर बीडे+ पर परनिन्दा होती। औरतें हंस हंस दुहरी होतीं। आंखें हैरत से फैलतीं। बात शुरू होती छोटी सी, फिर बनाव सिंगार होता। कुछ जोड़ा जाता कुछ घटाया जाता। पेट की बात फूलती पचकती, कुछ खमीर उठता, कुछ खटास आती। गरज ये कि इन एकाध घंटों में पूरे संसार की चर्चा होती। फिर नये जोश से लैस औरतें अपने घरों की ओर मुखातिब होतीं। बच्चों के सरकारी स्कूल से लौट आने का वक्त होता। पति जो इस नामालूम से कस्बे में क्लर्की करते, दुकानदारी करते, पेशकारी और मुख्तारी करते, सांझ ढले घर, तरकारी का झोला उठाये निष्प्राण घर लौटते और घर की दहलीज पर पांव रखते ही शहनशाह बन जाते। लौण्डियां हुकुम की तामील करतीं। एक पांव खड़े पतिपरमेश्वर की दिन भर की मेहनत का समुचित सम्मान किया जाता।
फुलवरिया के अलबत्ता कोई पति नहीं था। माने अब नहीं था। न अब भी सही नहीं कहा। था तो पति नाम का जीव पर इस विशाल संसार के किस कोने में बिला गया था ये फुलवरिया को पता नहींथा।
रे ननकू, चल रे। ननकू को डोलची पकड़ाती, खुद बटुआ संभालती फुलवरिया उठ खड़ी होतीं। सभा विसर्जित हो जाती। उनके फूलदार छापे की साड़ी के भीतर से लेस लगा सफेद बुरोक पेटीकोट झलक जाता। बड़े गले के ब्लाउज के नीचे से ब्रेसियर की सफेद पट्टी झांक जाती। और औरतों की तरह नहीं, कि साड़ी ब्लाउज तो सुंदर पर अंदर का पेटीकोट नीचे काला या ब्लाउज के गले से झांकती ऐसी मटमैली बे्रसियर की पट्टी कि देखते ही कै हो जाये।
ननकू आगे आगे अपने पुराने जूते में बाबूसाहब बना दौड़ जाता। नुक्कड़ की पान दुकान के पास मोहल्ले के शोहदों की भीड़ जुटी रहती। ÷यहां पेंचर बनता है' के बोर्ड के नीचे चारखाने की लुंगी और कुर्ता पहने मुच्छंदर बैठा रहता। फुलवरिया को गुजरता देख बिना नागा ÷बदन पे सितारे लपेटे हुए, ए जाने तमन्ना किधर जा रही हो' गाने लगता। फुलवरिया सर का आंचल और ठीक से खींच दांतों में दबा, तेज चाल चलतीं। पर अगर कोई दुष्ट हवा उस वक्त उनका आंचल हटा देती तो उनके चेहरे पर एक मुस्कान जरूर सारा जमाना नहीं तो मुच्छंदर तो जरूर देख लेता। खैर उस कस्बे में कोई दुष्ट हवा को बहे जमाना गुजर चुका था। सो मुच्छंदर ने गाने का मुखड़ा पूरा किया। फुलवरिया के ओझल होते होते तक एक अंतरा भी गा दिया, फिर आज का काम तमाम मुद्रा में पंक्चर बनाते लौण्डों को डपटने का शुभ और मेहनती काम किया। फिर आराम की मुद्रा में बेंच पर लेट गया। तब तक बगल के ढाबे का छोकरा खींसे निपोरता हुआ, लोहे की जाली में छः गिलास फंसाये, रोज के वक्त की पाबंदी से कड़क इस्पेशल मसालदार चाय ला चुका होता। चाय का गिलास खत्म होते होते फुलवरिया घर पहुंच जातीं। घर के बाहरी हिस्से में किराना की दुकान थी और उसके ठीक बगल में एस्बेसटस की शीट से ढकी एक शेड जिसके बाहर ÷यहां आटा पिसाया जाता है' का बोर्ड लटका था। इसी बोर्ड के नीचे तख्ती पर आटा, चना, दाल, उड़द दाल इत्यादि का पिसायी रेट लिखा था। दुकान पर बारी बारी से फुलवरिया और फुलवरिया के ससुर बैठते। पिसाई का काम अजमेरी देखता।
अजमेरी की कहानी भी विचित्रा थी। हमीदन और मुख्तार की अच्छी आमदनी थी। गाय, मुर्गी, बत्तख। थोड़ा सा खेत भी। अल्लाह के फजल से फसल भी अच्छी होती। निकाह के बरस बीते पर हमीदन की कोख में सूत भर भी कुछ न पड़ा। गाय बियाती, बछड़ा होता। गाय का फेनूस दूध मोहल्ले में बंटता, मुर्गी और बत्तख कुडुक होतीं, फिर आंगन छोटे छोटे रुई के गोले सरीखे चूजों से भर जाता। मुट्ठी भर बीया भी गीली मिट्टी में फेंकती तो पौधा उग जाता। पर शरीर जो बंजर रहा सो फसल कोई फूटी ही नहीं। बहन बसी अजमेर। खत लिखा, आ जाओ दरगाह पर मत्था टेक लो। पीर मुराद पुरी करेंगे। महीने भर रही। लौटते वक्त रास्ते से ही तबियत खराब। चक्कर पे चक्कर, मार उल्टी पे उल्टी। घर पहुंची तो लस्तपस्त। नदीमन के मियां हकीम। पुड़िया मंगायी। फायदा क्या हो और नुकसान। हींघ के बघार पर हौलदिल। गोश्त भी पके तो हमेशा के सीधे मुख्तार तनतना जायें, क्या बीवी गोश्त भी पकाया घासफूस जैसा। तश्तरियों रकाबियों पर मक्खियां भिनभिनाएं।
नदीमन के घर पुड़िया लेने गयी तो पापड़ देख मुंह में पानी की धार बह निकली। हलक से घोंटते पूछ ही बैठी, बाजी, पापड़ तो बढ़िया दिखे हैं।
तोहरे कने ही तो लाईन रहे।
फिर एक क्या दस खा गयी। नदीमन, छुटपन से घरों में बच्चे होते देखा पर यहां बारह बरस की सूखी जमीन थी। कुछ कहते जी डरता था। सो चुप लगा गयी। महीने भर बाद हालत ये हो गयी कि चूल्हे की मिट्टी देख जी बावरा हो उठे। गोटदार लेसदार ओढ़नी का कोना मिट्टी बांध बांध के तुड्मुड़ा जाए। काली जली हुई सौंधी मिट्टी। अब उसी दिन की बात लो, सौदा सुलुफ लेने दुकान गयी तो पास के मोड़ पे एक बेंच लगा बड़कू के महतारी का तीन चूल्हा जोड़ दुकान था। सुबह से देग खदबदाता रहता, भात दाल और आलू का भुजिया, मोटा कटा प्याज और हरा मिर्चा। कांसे के चमचमाते बडे+ थाल में स्तूपाकार सजाया हुआ, ऊपर खूब कला कौशल से चार फांक कटे प्याज पर हरियाली का सीना ताने सुग्गे के चोंच जैसा लाल, हरा चमकीला मिर्च। ये नजारा देखते ही कंठ भर आया। पेट से मरोड़ सी उठी लहर सीने पे आके टिक गयी। ताबीज मुट्ठी में कसे घर भागी आयी। बासी रखा भात प्याज और हरी मिर्च के जोर पर जो स्वाद ले खाया कि छाती जुड़ा गयी।
चौकी पे लेटे लेटे, छत की बल्ली निहारते हाथ अनजाने पेट सहलाते रहे। अचानक लगा एक अचक्के मुक्का। उई कह रह गयी, फिर जी धक सा रह गया। पेट पर कोई लहर उठ रही थी। शक का कोई सवाल न था। ताबीज आंखों से लगाया। अल्लाह रसूल को याद किया। फिर बडे+ दिनों बाद मुख्तार मियां के पसंद की रसोई पकायी। रात लालटेन की धीमी रौशनी में दोनों जनी निवाले तोड़ते अल्लाह का शुक्र मनाते रहे।
हमेशा की पतली हमीदन फैलती जा रही थी। सिर्फ पेट नहीं, हाथ, पांव, चेहरा सब और जैसे जैसे हमीदन फैलती, घर की बाकी चीजें उसी अनुपात में सिकुड़ने लगीं। इस बार की फसल अच्छी न रही। मुर्गियां एक एक करके पटापट मरने लगीं। कोई ऐसी बीमारी फैली कि बस। बड़ी मुश्किल मशक्कत से आधी दरजन बचायी गयीं। फिर भी बच्चे के आने की खुशी इन तमाम छोटे बुरे हादसों पर भारी थी। मुख्तार अपनी खाला को लिवा लाये हमीदन की देखभाल को। खाला बेवा थीं, बांझ थीं। आंखों में सुरमा लगाये, मिस्सी दांतों और सुग्गानाक के ठीक नीचे बड़े से मस्से वाली खाला किसी चील या बाज जैसी लगतीं। बुढ़ापे में एक ठौर मिला था सो जुट गयीं हमीदन की देखभाल में। देखने में जितनी कड़क थीं उतनी ही नरमदिल।
कुछ महीनों बाद अजमेरी पैदा हुआ। नाम तो पैदा होने के पहले ही तय था सो खाला ने बाहर आते ही मुख्तार को खबर दी कि अजमेरी पैदा हुआ है। हमेशा का सीधा मुख्तार खुश हुआ, इतना खुश हुआ कि पूछना ही भूल गया कि लड़का हुआ कि लड़की। खैर, अजमेरी धीरे धीरे बड़ा होने लगा। जैसे जैसे वो बड़ा होता गया ये बात दीगर होती गयी कि उसकी शक्ल न मुख्तार से मिलती और शायद हमीदन से भी नहीं। कहते हैं कि खुदाबंद ने हर इंसान की शक्ल ऐसी बनायी है कि उसके जैसा और कोई समूची दुनिया में भी न हो। पर ठीक अजमेरी की शक्ल का कोई लड़का अजमेर की गलियों में सूरमा लगाये, लेस वाली टोपी पहने घूमता खेलता था और जैसे जैसे अजमेरी बड़ा होता जाता उसकी शक्ल उस अजमेर वाले लड़के से और ज्यादा मिलती जाती। और जैसे जैसे शक्ल मिलती जाती वैसे वैसे वहां की सूखी रेत यहां पूरब के इस गांवनुमा कस्बे में घुसपैठ मचाये जाती। इस गांव में, जो कस्बा होने की राह में लदर फदर बढ़ चला था जैसे कोई बच्चा किसी बुजुर्ग की तीन साइज बड़ी हवाई चप्पल पहन दौड़ पड़ता है गिरते पड़ते। गांव तो कस्बा हो ही जाता देरसबेर पर इसी बीच मुख्तार मियां पर फालिज पड़ा और वो लग गये चारपाई से। खेत अब तक बंजर ढूह में बदल गया था। गाय भैंस मर मरा गये थे। आधी दर्जन मुर्गियां थीं जिनके अंडों को अल्मुनियम के तार वाली डलिया में एहतियात से डाल अजमेरी घर घर बेच आता था। आंगन बकरियों की मिंगनी से, मुर्गियों के पंख से, मुख्तार मियां की कराहटों से भरा रहता।
चेहरे पर फालिज का असर ऐसा हुआ था जैसे भूकम्प से आधी जमीन ऊपर उठ गयी हो। सारे अनुपात बिगड़ गये थे, आधे होठ ऊपर की ओर आधे ठीक उसी अनुपात में नीचे गिरे हुए। उन गिरे हुए होठों से लगातार लार चुआते हुए मुख्तार अनझिप आंखों से अजमेरी को देखते, और अपने देखे, अनदेखे, दोस्त, दुश्मनों से उसके चेहरे का मिलान करते रहते। लेटे लेटे अब यही अरमेना रह गया था। सेहत उनकी गिरती जाती थी। जाना उनको था पर उनके पहले सांप काटे से हमीदन चली गयी। पीछे पोखर के पास वाले पेड़ों के पास मिली थी। कह गयी थी कुकुरमुत्ते लायेगी, तेज तीखा सालन बनायेगी। दुपट्टे से बंधा एक गुच्छा मुसा तुसा करियाया हुआ कुकुरमुत्ता, खाला ने बाद में निकाला था। उसके कुछ दिन बाद मुख्तार भी चल बसे बिना जाने कि अजमेरी खासमखास उनका ही बेटा था। अजमेर की गलियों वाला लड़का तो खुदा का करिश्मा था। अल्ला ताला से भी कभी चूक हो जाती है। पर यह सब न तो मुख्तार जानते थे, न हमीदन और न अजमेरी।
उस खंडहर घर में बच गये खाला और अजमेरी। रहे सहे जानवर भी खत्म हुए। और उसी तरह एक दिन नींद में खाला भी। तो उस घर में अनकही जो बात थी कि या तो फसल, जर जोरू लहलहायेंगे या फिर आदमजात का बच्चा, सो पूरा हुआ। पहले फसल लहलहायी, गाय, बकरी, मुर्गी बत्तख फले फूले, साथ में मुख्तार और हमीदन भी। फिर अजमेरी आया और बाकी सब गये। जमीन की मिट्टी ने इस तेजी से लील लिया मकान को कि दीमक लगी ढूह और चरमराती बल्लियों के सिवा और कुछ न बचा। लेकिन अजमेरी का भी क्या दोष, क्या गुनाह। उसने कहा था क्या कि मैं आऊं इस संसार में?
जिस रात खाला गयीं उसी रात अजमेरी भी गायब हो गया गांव से। हफ्ते भर बाद फूलपुर में रामावतार मिसिर के घर के बाहरी बरामदे पर सोता पाया गया। सुबह सुबह मिसराइन, माने फुलवरिया ने उसे पहले पहल देखा।
रामावतार मिसिर पहलवान आदमी थे। कुश्ती और मलाईदार दूध का शौक रखते थे। उनके बाप ने पंडिताई का पुश्तैनी काम करते करते दूरदर्शिता का उत्तम उदाहरण देते हुए एक दुकान भी खोल रखी थी। फूलपुर किराना स्टोर। दुकान बढ़िया चलती थी। पंडिताई, पुरोहिती बम बम चलती थी। दोनों हाथों से घर का स्टोर बमाबम भरता था। रामावतार इकलौते बेटे थे। अब हुए तो तीन और थे पर सब इस दुनिया में सांस लेने और प्राण फुंकने के पहले ही स्वर्ग को प्राप्त हुए। फिर कई मनौतियों मन्नतों और धार्मिक अनुष्ठानों के प्रसाद स्वरूप रामावतार अवतार लिये। उसके बाद तो जाम हुआ रास्ता खुल पड़ा। एक लड़की हुई सावित्राी, फिर जुड़वां रज्जू और बिज्जू और उसके बाद एक जुड़वां जोड़ी और बिन्नू और मन्नू। पर बचे इसमें से फिर दो ही, रामावतार और रज्जू। शायद धार्मिक अनुष्ठानों में कोई कमी रह गयी हो ऐसा मिसराइन पहली ने सोचा। खैर, जैसे रामावतार बड़े होते गये मिसिर और मिसराइन की छाती जुड़ाती गयी और जैसे रज्जू बड़ी होती गयी ये पता चलता गया कि चाहे रज्जू कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाये वो रहेगी छः साल की रज्जू ही। रज्जू के दुख की पोटली छाती से चिपटाये मिसराइन पहली, असमय ही चल बसीं। घर गिरस्ती कौन संभाले इसका दो ही उपाय था। एक तो कि मिसिर दूसरा ब्याह कर लें और दूसरा ये कि रामावतार की खुट्टी बांध दी जाय।
रामावतार का कुश्ती, दंगल में भाग लेना, हनुमान भक्ति से ओतप्रोत रहना, ब्रह्मचर्य पर जरूरत से ज्यादा जोर देना, फैसला रामावतार के ब्याह के पक्ष में, मिसिर के अपने पुनः गृहस्थ सुख की तीव्र इच्छा के बावजूद करवा गया। बिचौलिये ने जब फुलवरिया की जन्मपत्राी लायी तो मिसिर को कन्या के नाम में और अपने किराना स्टोर के नाम में जो विचित्रा साम्य दिखा उसे कोई दैवी इशारा समझ उन्होंने तुरंत हामी भर दी। बेटे को खूब समझाना पड़ेगा ऐसा जो उन्होंने सोचा था, ठीक उसके विपरीत, बेटे ने सर झुका के, थोड़ा शर्माते हुए तुरंत सिर्फ हामी ही नहीं भरी बल्कि विवाह की तैयारी में, खासकर सुहागरात की तैयारी में रोज रात बादाम, पिस्ता फुला कर खाने लगा। अपने दूसरे ब्याह की तीव्र इच्छा की शहादत को यों व्यर्थ में जाते देख मिसिर लटपटा गये पर अब क्या होता, सो लगे ब्याह की तैयारी करने और महीने भर बाद घर की नाजुक हालत, बिना घरनी के, समझते हुए कन्यापक्ष ने ब्याह और गौना तुरंत फुरत कर दिया और खुसरूपुर की फुलवरिया, रामावतार मिसिर की नयी ब्याही बन फूलपुर आ गयीं। सुहाग रात, रामावतार मिसिर, गोरी गोरी, केले के थम्ब जैसी पीली सुबुक फुलवरिया को देख होश खो बैठे। उनकी हालत ऐसी थी कोई भी औरत उनको खुश कर देती। वो इतनी तत्परता से पत्नी की चाहत रख रहे थे कि रूप, गुण, कुछ भी इस चाहत के आडे+ नहीं आता। यहां तो कंटीली आंखों का पानी उन्हें बेसुध कर रहा था। साड़ी के किनारी से निकला चौड़ा गोरा पंजा, उनके अंदर ऐसा रोमांच पैदा कर रहा था जो कि एक सुड़ौल पांव नहीं कर पाता। स्वस्थ सुड़ौल बांहों का आभास भर ही उन्हें मार रहा था। बस, सामने ब्याही पत्नी सिमटी सिकुड़ी बैठी थी और रामावतार का कसरत कुश्ती वाला, दूध दही खाया पिया शरीर था, उन्मत उन्माद था, बेचैनी थी बेकरारी थी, जोश था, जुनून था, अनाड़ीपन था। टूट पड़े पत्नी पर, गोलगाल, पन पन, गोरी नारी पत्नी पर। फुलवरिया घूंघट में सपने भरे लजायी सकुचायी बैठी थीं। खुसरूपुर के एकमात्रा सिनेमा हॉल में ऐसे कई सुहाग रात के फिल्मी दृश्य मां भाभी के साथ देख चुकी थीं, भाभी की चुहल भरी हिदायतें, नयी ब्याही सखियों की खुसफुस बातें, पति को टूटते देख हक्की बक्की रह गयीं कुछ क्षण। फिर दर्द का तेज आवेग हुआ, एक उबकाई सी आयी और मुंह से चीख निकल गयी। रामावतार का चौड़ा बलिष्ठ पंजा मुंह पर, होंठों को, चीख को दाब गया। रामावतार के मन की पूरी हुई। पर हथेलियों पर दांत के दो गहरे निशान रह गये।
अपने अनाड़ीपन में, अपने दोस्तों के बेवकूफ बहकावे में रामावतार ने पत्नी के साथ का कोमल तार खो दिया। फिर जब भी रामावतार फुलवरिया के करीब आये, उसका शरीर काठ की तरह निष्प्राण हो जाये। रामावतार थे कोमल हृदय। ऐसी जोर जबरदस्ती उनके स्वभाव के विपरीत थी। धीरे धीरे सिमटने लगे। उन्हीं दिनों कोई स्वामी जी आये हुए थे। कहा जाता है कि उन्हीं स्वामी के डेरे पर रात दिन रामावतार पाये जाने लगे। स्वामी जी की सेवा मनप्राण से करने लगे।
सुनी सुनाई बात है कि स्वामी जी ने कहा उनसे, स्त्राी संसर्ग से दूर रहो। रामावतार ने स्वामी जी के चरणों में सिर रख दिया। स्वामी जी की उंगलियां रामावतार के सर में, बालों में आशीर्वाद स्वरूप फिसलती रहीं। अगले दिन डेरा उठ गया था। फिर रामावतार को किसी ने फूलपुर में नहीं देखा।
पति से त्यक्त्ता होकर फुलवरिया ने गृहस्थी संभाली। पंद्रह साल की छः साला रज्जू को संभाला, ससुर को संभाला और फूलपुर किराना स्टोर को संभाला। सिर्फ संभाला ही नहीं बखूबी संभाला। उन्हीं दिनों भला भटका हुआ अजमेरी भी यहां आ टिका तो अजमेरी को भी संभाला।
रज्जू को रोज तेल चपड़ कर के खूब कस के दो चोटी सोंट सोंट के बांधी जाती। बालों के अंतिम सिरे पर लाल रंग का रिबन, रज्जू को लाल रंग बेहद पसंद था, चोटी सहित गूंथा जाता फिर पूरी चोटी मोड़ कर कानों के ऊपर बालों में फंसा गांठ बांध कर फूल की तरह फुग्गा बना दिया जाता। रज्जू आईना पकड़े पकड़े अपने चेहरे को निहारती, तरह तरह के मुंह बनाती, हंसती खिलखिलाती खुश हो जाती। उसे भौजाई पसंद आती थी। उसे भौजाई इसलिए भी पसंद आती थी कि गाहे बगाहे अपनी सिंगार पेटी उसके हवाले कर देती थी और रज्जू घंटों चूड़ियों, टिकुली से खेलती रहती। गाढ़े गाढ़े रंगों के सलवार कुर्ते रज्जू के लिये खुद उन्होंने सिले थे। माहवारी के दिनों में रज्जू को खुद का होश नहीं होता। हर सावधानी के बावजूद जहां तहां रंगीन छापे लसेड़ती रहती। आजिज आकर फुलवरिया ने उन दिनों घर से निकलना रज्जू का बंद किया। बहलाने फुसलाने के लिये गुड़िया, छोटे छोटे बर्तन, गोटे, सलमा सितारे, रंगीन कंचे।
गरज ये कि जितना मिसराइन पहली ने रज्जू का ध्यान नहीं रखा उतना मिसराइन दूसरी माने फुलवरिया ने रखा। उधर मिसिर बेटे के जाने के बाद अचानक ही बुढ़ा गये। दो दिन की खिचड़ी दाढ़ी से चेहरा और बीमार पोला लगता। दांत भी यकबयक सामने के टूटे गये थे। बोलते तो फिस्स से हवा छूट जाती। खाना पीना धीरे धीरे छूटता जाता था, कुछ बेटे के दुख में, कुछ टूटे दांत के दुख में। कांसे के बड़े से कटोरे में गुड़ पर रोटी दूध गिराते बहाते खा जाते, सुस्त हो दुकान पे बैठते। सुबह उनकी ड्यूटी बनती थी वहां बैठने की। तब स्टोर का धंधा मंदा चलता। तीन बजे से फुलवरिया बैठती तब धंधा चकाचक चलता। इतना चकाचक कि पहले से भी ज्यादा कमाई होती। पिसाई वाले शेड के पीछे वाली कोठरी में अजमेरी रहता। अब जवान हो चुका था। पिसाई कराता और एक निगाह दुकान पर बैठी मिसराइन पर रखता। सीना ठोक के कहता, ई घर के गार्जीवन तो हमई हैं।
माने रामावतार के बिना भी जीवन खूब चल रहा था। फुलवरिया की जवानी अब भी उठान पर थी। मोहल्ले, गली के लौण्डे लपाड़े उन्हें देख आहें भरते, फब्तियां कसते। इस सब से बेखबर फुलवरिया सज बज के तैयार होतीं, सखी सहेलियों से मिलती जुलतीं, खूब हंसतीं। रात बिरात कभी रामावतार की याद आती तो अपमान से चेहरा लहक जाता और उसकी हथेलियों में धंसा अपना दांत याद आता। पर फिर भी ठस्स गर्मी में छरछितांग लेटे, शरीर पर से आंचल दूर हटाते कोई कीड़ा नाभि के नीचे सुरसुराने लगता। लौण्डे लपाड़ों की फब्तियां शरीर पर फिरने लगतीं, मुछंदर का गीत छाती के बीच धड़ाम धड़ाम थाप देने लगता। ऐसी गर्म रातों को फुलवरिया को नींद नहीं आती। नागिन अपना केंचुल छोडे+ तो कैसे।
ऐसे ही गर्म सर्द रातों का सफर तय करते करते एक दिन हादसा हो गया जो होने के लिये ही धड़क रहा था। होना ही था। ये नियति हर कोई जैसे जान रहा था। और चूंकि ये होना ही था सो हुआ। और इस काम की भी निमित्त फुलवरिया ही थीं। बस वैसे ही जैसे रामावतार के स्वामी जी के शरण में जाने की। हुआ ये कि महीने की उस तारीख को जब रज्जू को घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता था, इस महीने भी वही किया गया। पर इस बार रज्जू हर बार की तरह शांत रज्जू, आज्ञाकारी रज्जू, प्यारी भौजी की प्यारी ननद नहीं रही। किस बात से घुन्नी हुई कौन जाने। बाहर गयी, अंदर गयी। पड़ोसन हाथ पकड़ लायी। कपड़े गंदे, कुर्ता गंदा, सलवार गंदा। डांट डपट हुई। फिर शाम से गायब। और ऐसी गायब हुई कि दो दिन बीते मिली ही नहीं। बूढे+ मिसिर पागल मिसिर हो गये। फुलवरिया आंख लाल कर रोती रही। थक हार, थाना पुलिस भी हुआ। चचच्च चच्च हुआ, थू थू हुआ, खुसपुस हुआ, अफसोस लाचारी हुई, भौजी कभी मां हुई है जो, हुआ। मतलब सब हुआ पर वो नहीं हुआ जो होना चाहिए था माने नहीं मिलनी थी लड़की सो नहीं मिली। दो दिन और बीते फिर लाश मिली। कहा, कोई बुरा काम हुआ इसके साथ। कहा कपड़े भी नहीं थे। ये भी कहा, किसी जानकार का काम।
जो भी हुआ, बहुत बुरा हुआ। एक बार अजमेरी के घर में रेत फैली थी। अबकी फुलपुर में रेत फैली। फुलपुर किराना स्टोर बैठ गया। ऐसा नहीं कि लोग नहीं आते थे। लोग अब भी आते थे पर मिसिर पहले बूढ़े मिसिर हुए फिर पागल मिसिर हुए। अंट शंट बकते, अटशटरम सामान तौलते, दिनरात बुड़बुड़ाते। फुलवरिया का बाहर निकलना बंद हो गया। फब्तियां, गाने सुनना बंद हो गया। और जब ये सब बंद हुआ तो जीना बंद हो गया। सुन्न सन्नाटे में पंखे के नीचे लेटे लगता जीवन नष्ट हो गया। दुकान पर बैठने का जी नहीं करता। ऐसा भी नहीं था कि रज्जू से कोई इतना गहरा प्यार था। पर ऐसा था कि मरी हुई रज्जू का चेहरा देखा था। और अब ऐसा था कि आईने में देखते, बाल काढ़ते और टिकुली लगाते वक्त अपने चेहरे पर रज्जू का नुचा बुचा चेहरा दिखाई पड़ने लगता। हौल दिल हो जाता। लगता कोई बलिष्ठ छाती में मुंह धंसा के हमेशा हमेशा के लिये सुरक्षित हो जाये।
उनके उड़े चेहरे को देख कर अजमेरी अपनी दूसरी निगाह भी दुकान पर बैठी उजाड़सूरत फुलवरिया पर लगा देता। उसकी बांहों की मछलियां फड़कने लगतीं। उसकी आंखें अधमुंदी हो जातीं और जागते जागते उसे वो सपने दिखाई देने लगते जो कुछ दिन पहले तक रात बिरात उसकी नींद उड़ाते थे। उसका जी करता कि फुलवरिया मिसराइन के उफनते यौवन में अपना मुंह धंसा दे। बसा ले अपने नथुनों में जंगली पके अमरूद की महक। कच्चे ताड़ी के नशे से मन झूम झूम उठता। उसे सही मौके की तलाश थी। उसकी आंखों में आजकल एक सपना पनपने लगा था, फूलपुर किराना स्टोर का बोर्ड उतार कर गेंदे के पीले नारंगी फूलों से सजा नया बोर्ड लगाया जा रहा है अजमेरी फुलवरिया प्रॉविजन शॉप और दुकान की गद्दी पर राजा रानी की तरह बैठे हैं अजमेरी और फुलवरिया।
अब भला अजमेरी और फुलवरिया का क्या मेल। कहां फुलवरिया मिसराइन, पंडिताइन, मालकिन फुलपुर किराना स्टोर की, न बेवा मुसम्मात, न ब्याही सधवा, फिर भी मालिक इस घर की दुकान की। और कहां अजमेरी। अजमेर शरीफ के मजार से निकली दुआ के असर का, न बाप न मां, न घर न परिवार का। नौकर का नौकर। फिर भी अजमेरी की चौड़ी कलाई पर के सुनहले रोंये पर फुलवरिया की निगाह अटकने लगी थी। उसकी चकली छाती, काले ताबीज से सजे गर्दन के मस्से पर दिल बहकने लगा था। उसकी मर्द गंध और पसीने की धार पर छाती धड़कने लगी थी।
फूलपुर नाम का कस्बा जो कई मामलों में अलस्त पड़े खाये पीये अजगर के माफिक लोगों के दिल दिमाग में पसरा हुआ था, जो पसीने की एक बूंद की तरह भौंहों से चूता, न गिरता समय के किसी खास मोड़ पर थरथराता हुआ लटका हुआ था, उस फूलपुर नाम के कस्बे में चेतना की नीम बेहोशी में, फुलवरिया अपने जीवन के सबसे अहम फैसले के मोड़ पर दम साधे, धड़कती छाती पर हाथ धरे, मुंह बाये अचरज से अपनी इस हिम्मत पर, आंखें चिहारे खड़ी थीं। सब कुछ थम गया था। समय थम गया था। जमीन आसमान थम गया था। जीवन थम गया था। पूरा फूलपुर थम गया था।
पाउलो कोल्हो ने कहा है कि अगर आप शिद्दत से कोई सपना देखते हैं तो पूरा विश्व इस सपने को पूरा करने में जुट जाता है। अब पता नहीं फुलवरिया का सपना और अजमेरी का सपना पूरा हुआ कि नहीं। फूलपुर ने पहली दफा एक त्यक्ता स्त्राी का दूसरा विवाह देखा कि नहीं, कि पहली दफा एक औरत ने अपने से छोटे पुरुष का हाथ थामा कि नहीं, कि पहली दफा एक ब्राह्मण पंडिताइन ने एक मुसलमान मर्द का साथ सुख पाया कि नहीं। कि पहली दफा एक औरत ने अपने सुख साधन के बारे में सोचा, कि अपने मन और शरीर के बारे में सोचा। ऐसा और कई जगहों पर होता आया है पर फूलपुर में। न, अब तक ऐसा नहीं हुआ। किसी टाइमवार्प में फूलपुर अब भी उसी एक पल पर ठिठका रुका है। हम पलक झपकायेंगे, झपकाते ही फुलवरिया और अजमेरी उस पल से फुर्र से उड़ जायेंगे। हम हंसेंगे, अखबार पलटेंगे, चाय घूंट घूंट पीयेंगे और फिर मगन हो जायेंगे अपने अपने जीवन में। और इसी देशकाल में, इसी वक्त में किसी और फूलपुर में कोई और फुलवरिया और अजमेरी अपनी हिम्मत पर ÷हा' किये आंखें चिहारे थमे होंगे सही समय के इंतजार में।

-------------------------------------

TOP (Back to अनुक्रम)
Copyright © Tadbhav.com 2001-2007 All Rights reserved.